आग लगने की घटना के बाद मौके पर पहुंचा फायर वाहन।
- फोटो : amar ujala
थाने के पास एक घर में आग लगने से खलबली मच गई। घनी आबादी वाले इलाके में आग की सूचना मिलने पर तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। आसपास के अन्य लोग भी आग बुझाने में जुटे रहे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं घर के भीतर रखा हजारों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
बुधवार शाम करीब तीन बजे थाना बाजार निवासी अब्दुल गफ्फार खान पुत्र अब्दुल बशीर खान के घर के निचले तल पर आग लग गई।
उस दौरान वहां कोई मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने धुआं उठते देख इसकी सूचना दो मंजिले में रह रहे परिजनों को दी। वहीं फायर ब्रिगेड को सूचित कर लोग आग को बुझाने में जुट गए। सूचना पर फायर ब्रिगेड के तीन वाहन मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इससे पहले सीओ आरएस टोलिया, मुख्य अग्नि शमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, अग्नि शमन अधिकारी गिरीश बिष्ट, कोतवाल चंद्र मोहन सिंह सहित फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। अग्निशमन अधिकारी गिरीश ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारण का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी है।
आग बुझाने में फायर ब्रिगेड कर्मी गणेश चंद्र, प्रेम लाल, मोहन सिंह, प्रकाश पांडे, हमे पांडे, जीवन सिंह, चंचल आदि जुटे थे।