सड़क किनारे खड़े वाहनों में तेल चोरने की घटना के बाद अब क्षेत्र में दोपहिया वाहनों को आग लगाने की घटनाएं भी होने लगी हैं। ताड़ीखेत कस्बे में अराजक तत्वों ने रविवार की रात सड़क किनारे खड़ी बाइक को आग के हवाले कर दिया जिससे बाइक जलकर राख हो गई है। बाइक स्वामी ने यहां चौकी में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है, इधर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना से ताड़ीखेत के लोगों में जहां गुस्सा है वहीं वाहन स्वामियों में भी दहशत है।
जीआईसी सरना में शिक्षक कुबेर सिंह रौतेला यहां ताड़ीखेत बाजार में किराये के भवन में रहते हैं। रोज की तरह ही वह स्कूल से आकर बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर देते हैं। रविवार को भी उन्होंने अपनी होंडा शाइन बाइक संख्या यूके 04ए 2151 को नवोदय विद्यालय के गेट के समीप खड़ा किया था, लेकिन रात्रि में अराजक तत्वों ने बाइक में ही आग लगा दी। रात होने के कारण किसी ने भी इस घटना को नहीं देखा, सुबह जब कुबेर सिंह बाहर आए तो बाइक आग से जली मिली।
बाद में उन्होंने मामले की तहरीर यहां चौकी में दी। इधर, चौकी प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह रिंगवाल ने बताया कि बाजार में सीसीटीवी लगे हैं, उनकी फुटेज खंगाली जा रही है। इधर बाइक को आग लगाने की घटना से ताड़ीखेतवासियों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि रात्रि में सैकड़ों वाहन वहां खड़े रहते हैं, पुलिस को इस तरह के मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए।