अल्मोड़ा मालरोड में वीपीकेएस के समीप ह्यूम पाइप डालने को जेसीबी से की गई खुदाई।
- फोटो : amar ujala
माल रोड पर आकाशवाणी के पास निर्माण कार्य के चलते रविवार को माल रोड पर यातायात पूरी तरह बंद रहा। इससे केमू की सेवाएं धारानौला और लोअर माल रोड स्थित चीफ कार्यालय के पास से व रोडवेज की सेवाएं लोअर माल रोड स्थित वर्कशाप से रवाना हुई। माल रोड स्थित केमू ,रोडवेज स्टेशनों से बसें न चलने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
केमू की अल्मोड़ा से हल्द्वानी, पांखु, बागेश्वर, ताकुला को जाने वाली सेवाएं धारानौला, मौलेखाल, रामनगर, द्वाराहाट, जखेड़ा, गरुड़ को जाने वाली सेवाएं लोअर माल रोड स्थित चीफ कार्यालय के पास से रवाना हुई। इसके अलावा रोडवेज की सभी सेवाएं लोअर माल रोड स्थित वर्कशाप से रवाना हुई। माल रोड में स्थित केमू और रोडवेज स्टेशनों से बस नहीं चलने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
केमू व रोडवेज दोनों के स्टेशन माल रोड में है। कई यात्रियों को रविवार को माल रोड में यातायात बंद होने की जानकारी नहीं थी। इस कारण वह गंतव्य को जाने के लिए केमू व रोडवेज स्टेशन पहुंचे थे। बाद में जानकारी मिलने पर वह धारानौला व लोअर माल रोड स्थित वर्कशॉप से वाहनों में बैठे। जिससे उन्हें भारी दिक्कतों सामना करना पड़ा।
मरम्मत कार्य के चलते मालरोड पर बंद रहा यातायात
अल्मोड़ा। मालरोड पर सड़क सुधारीकरण और ह्यूम पाइप डालने का काम चलने इस मार्ग पर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान से होली-डे-होम तक यातायात अवरुद्ध रहा। जिसके चलते कबरला तिराहे से शहर की ओर चौपहिया और दुपहिया वाहन नहीं चले। मालरोड में विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान के समीप मार्ग काफी लंबे समय से धंसा हुआ था। शनिवार रात नौ बजे से मार्ग यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मार्ग पर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान परिषद और जिला पर्यटन विकास कार्यालय के पास पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप डाले जा रहे हैं। इस स्थान पर ह्यूम पाइप डालने के लिए मार्ग पर जेसीबी से खुदाई की गई है। जिसके चलते भवाली से आने वाले वाहन करबला से लोअर मालरोड और धारानौला मार्ग से होते हुए गंतव्य को निकले। वहीं केमू और रोडवेज की बसें भी लोअर मालरोड से होकर गई।