द्वाराहाट में आग से जला मकान। संवाद
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। ग्राम पंचायत घगलोड़ी में बृहस्पतिवार को दो मंजिले आवासीय भवन में अचानक आग लग गई। भवन में चार कमरे ऊपर और चार कमरे नीचे थे। आग लगने से ऊपरी हिस्से के दो कमरे जल गए। ग्रामीणों के सहयोग से दो मंजिले मकान के पिछले हिस्से के दो कमरों को बचा लिया गया। आग से छत की बल्लियां, दरवाजे, बिस्तर, कपड़े आदि राख हो गया। सूचना के बाद पहुंची राजस्व पुलिस ने मौका मुआयना किया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
सुबह सात बजे घगलोड़ी निवासी भुवन चंद्र लहरी के दो मंजिले मकान के ऊपरी हिस्से के आगे के दो कमरों में अचानक आग लग गई। हो हल्ला होने के बाद ग्रामीण एकत्रित हुए और सभी के प्रयासों से पिछले दो कमरों को आग से बचा लिया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। लहरी ने तत्काल ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को बुलवाकर लाइन कटवाई। ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। भवन भुवन लहरी और उनके भतीजे प्रेम प्रकाश का संयुक्त आवास है। दोनों का एक-एक कमरा जल गया। राजस्व पुलिस ने मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से भवन स्वामी को उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है।