एक तरफ बारिश नहीं हो रही है तो दूसरी तरफ जंगलों में आग लगने का क्रम जारी है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद भैंसवाड़ा फार्म से बख की तरफ जंगल में अचानक आग लग गई। आग आबादी और बख के पास पावर हाउस की तरफ आग बढ़ने लगी तो लोगों की सूचना पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गैर आबादी क्षेत्र भैंसवाड़ा फार्म के पास जंगल में अचानक आग लग गई। क्षेत्र के जागरूक नागरिक महिपाल सिंह ने आग लगने की खबर एसएसपी को दी। जिसके बाद एसएसपी पी रेणुका देवी के निर्देेश पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम घटना स्थल की ओर रवाना हुई।
फायर सर्विस और पुलिस की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग बुझाने वाली टीम में फायर सर्विस के राज कुंवर राणा, उमेश सिंह, कुशाल भारती, चंचल मेहरा और धारानौला चौकी पुलिस के योगेश तिवारी, विजय आगरी आदि शामिल थे।