दन्या क्षेत्र में कार में लगी आग बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसएसबी के चार जवानों को लेकर जा रही एक कार दन्या थाना क्षेत्र में चट्टान से टकरा गई। टक्कर से कार में आग लग गई। हादसे मे चार जवान चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची दन्या थाना पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाकर दमकल विभाग की मदद से कार में लगी आग बुझाई।
सोमवार को एक कार पिथौरागढ़ कैंट से हल्द्वानी जा रही थी। कार में एक चालक और एसएसबी के चार जवान बैठे थे। शाम करीब पांच बजे दन्या-धसपड़ मोड़ के पास कार सड़क किनारे खड़ी एक चट्टान से टकरा गई। वाहन सीएनजी युक्त होने से अचानक आग पकड़ गई। आग से खुद का बचाव करते हुए कार में सवार एसएसबी के एसआई लक्ष्मीदत्त जोशी, निवासी चोरगलिया, एएसआई रामदत्त भट्ट निवासी देहरादून, एएसआई पुष्पेंद्र कुमार निवासी जम्मू और हेड कांस्टेबल पंकज कुमार निवासी बिजनौर यूपी चोटिल हो गए। कार चालक जगप्रीत सिंह निवासी एसएएस नगर मोहाली जीरकपुर पंजाब को चोट नहीं लगी। स्थानीय लोगों ने दन्या थाना पुलिस को कार में आग लगने की सूचना दी। सूचना पर दन्या थाना प्रभारी सुशील कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चोटिल हुए चारों जवानों को इलाज के लिए धौलादेवी अस्पताल पहुंचाया। सुशील कुमार ने बताया कि सभी एसएसबी के जवान पिथौरागढ़ जिले में तैनात हैं और ड्यूटी के लिए जम्मू जा रहे थे।
अल्मोड़ा के दन्या क्षेत्र में चट्टान से टकराने के बाद जलती कार।- फोटो : ALMORA