खत्याड़ी में स्थित विद्युत उप केंद्र में चल रहे सुधार कार्य के दौरान हादसा होने से टल गया। अचानक हुई स्पार्किंग को रोकने के लिए मेन लाइन को बंद करने के दौरान विद्युत केंद्र के भीतर तारों में आग लग गई और वहां काम कर रहा ठेकेदार का एक आदमी भी हादसे का शिकार होने से बच गया। इस कारण बड़े इलाके में कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
जानकारी के मुताबिक खत्याड़ी में स्थित बिजली घर में इन दिनों सुधार कार्य चल रहा है। इस बीच अचानक स्पार्किंग होने से वहां ठेकेदार के अंतर्गत काम कर रहे एक कर्मचारी ने लोड काटे बगैर मेन लाइन बंद कर दी। जिससे बिजली घर के भीतर वायरिंग में आग लग गई। वहां मौजूद कर्मचारियों ने इस पर बमुश्किल काबू पाया। मेन लाइन बंद करने वाला कर्मचारी भी हादसे का शिकार होने से बच गया। विद्युत तारों में आग लगने से वहां अफरातफरी मच गई। जानकारी मिलने पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता डीडी पांगती आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। उसके बाद उन्होंने तुरंत लाइन को दुरुस्त करवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करवाई। बिजली घर में खराबी आने और सुधार कार्यों के चलते नगर के एक हिस्से में करीब पांच घंटे तक विद्युतापूर्ति बंद रही।