क्षेत्र पंचायत स्याल्दे की बैठक में विद्युत, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क आदि के मुद्दे छाए रहे। सीडीओ डा. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने विभागीय अधिकारियों से समस्याओं का एक माह के भीतर निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा पूर्व की बैठकों में उठाई गई अधिकांश समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई।
प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बिजली की लो वोल्टेज, जीर्ण शीर्ण पोल बदलने, झूलते विद्युत तारों को ठीक करने, पेयजल अव्यवस्था दूर करने, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डाक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति करने, क्षेत्र के क्षतिग्रस्त मार्गों को दुरुस्त करने, सिंचाई नहरों को सुधारने आदि मुद्दे जोर शोर से उठाए।
पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम्य विकास, बाल विकास, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन विभाग आदि से संबंधित समस्याएं भी उठाई। सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का एक माह के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए।
अध्यक्षता करते हुए ब्लाक प्रमुख आनंदी कत्यूरा ने अधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। बीडीओ केएल आर्या ने संचालन किया।
बैठक में डीडीओ डीडी पंत, एसडीएम एनएस नबियाल, ज्येष्ठ उपप्रमुख भूपाल सिंह रावत, एके कटारिया, उमाकांत चतुर्वेदी, बीएस जंगपांगी, सुरेश बेनी, हरी राम आर्या, पीएस बृजवाल, कुंवर सिंह कठैत, माया नेगी, एसएस नेगी मौजूद थे।