जल संस्थान के अखेती पंप हाउस से जुड़े चौखुटिया बाजार सहित दर्जनभर गावों में दो दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों में खासा रोष है। इधर संस्थान के जेई ने बताया कि शराब के नशे में धुत संबंधित पंप आपरेटर द्वारा पंप न चलाने से यह स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने बताया कि संबंधित आपरेटर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है मामले से पुलिस प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है।
जल संस्थान के अखेती पंप हाउस में संबंधित कर्मियों की आए दिन की मनमानी के चलते पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है जिसके चलते चौखुटिया बाजार सहित दर्जनभर गावों के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में मंगलवार से पेयजल आपूर्ति फिर ठप हो गई। जिसके चलते लोगों को हैंडपंप और नौले आदि से पेयजल की आपूर्ति करनी पड़ रही है। इधर जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता बालमसिंह बिष्ट ने बताया कि पंप हाउस में कार्यरत एक आपरेटर मंगलवार की शाम से शराब पिकर धुत हो गया था और उसने पंप नहीं चलाया, जिसके चलते आपूर्ति बाधित हुई। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस, प्रशासन को भी अवगत करा दिया गया है।
बताया गया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आपरेटर नदारद हो गया। बिष्ट ने बताया कि संबंधित आपेटर को हटा दिया गया है उसके स्थान पर तैनात दूसरे पंप आपरेटर ने कार्य शुरू कर दिया है। जिसके चलते बुधवार दोपहर पेयजल की आपूर्ति की गई। दूसरी ओर आरोपी पंप आपरेटर आपूर्ति ठप होने के लिए संबंधित अभियंता को जिम्मेदार बता रहा है।