गुरुड़ाबांज में सहकारिता कौतिक जारी है। दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि मेले, त्यौहार विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की संस्कृति का आयना हैं। इन समृद्ध परंपराओं को संरक्षित रखने को सभी लोग प्रयास करें। विभागीय अधिकारियों नेे सहकारिता के क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गांव की तरक्की का मुख्य आधार सहकारिता है। स्वयं सहायता समूहों, महिला समूहों के साथ ही कृषि, पशुपालन, लघु उद्योग, बागवानी समेत सभी क्षेत्रों में सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से अनुदान आधारित योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने मेले में अलग-अलग संस्थाओं द्वारा प्रदर्शित सामग्री देखी और उनके प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर दर्शकों का मनमोहा। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष भी कलाकारों का उत्साह बढ़ाने को मंच पर खूब नाचे। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल मनोरंजन का साधन ही नहीं अपितु संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम भी हैं।
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रशांत भैसोड़ा ने कहा कि सहकारिता विभाग के सहयोग से जल्द ही फैशन शो का भी आयोजन होगा, ताकि बुनकर, शिल्पकार बाजार की मांग के आधार पर उत्पाद तैयार करने को प्रेरित हो सकें। ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे, जिला पंचायत सदस्य निर्मला भैंसोड़ा, डीसीबी निदेशक पान सिंह फत्र्याल, आशीष वर्मा आदि ने विचार रखे।। कार्यक्रम में कुंदन सिंह गैड़ा, शेर सिंह भैंसोड़ा, पूरन सिंह, कुंदन गैड़ा, नंदन सिंह, पीके चौहान, लीला बिष्ट आदि मौजूद थे। संचालन डा़ अरविंद बिष्ट ने किया। मेला स्थल पर लगाए गए स्टॉलों से लोगों ने मनपसंद सामान खरीदा।