सेराघाट के सरयू बगड़ स्थित बीणा महादेव मंदिर परिसर में लगे मेले में उमड़ी भीड़।
- फोटो : amar ujala
तीन जिलों की सीमा पर स्थित सेराघाट के सरयू बगड़ स्थित बीणा महादेव मंदिर परिसर में रविवार को मकर संक्रांति के मौके पर लगा उत्तरायणी मेला शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। मेले में काफी संख्या में आसपास के गांव के ग्रामीणों ने शिरकत की और जमकर खरीदारी भी की। मेले का उद्घाटन गंगोलीहाट विधायक मीना गंगोला ने किया। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गये।
सेराघाट सरयू नदी किनारे बीणा महादेव मंदिर में हर साल आयोजित होने वाला मकर संक्राति मेला शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। सुबह काफी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर सरयू किनारे कई लोगों द्वारा यज्ञोपवीत संस्कार और कर्णभेद आदि अनुष्ठान भी किए गए। देवभूमि मां शारदे लोक कला समिति और दर्पण कला मंच पिथौरागढ़ के कलाकारों की सांस्कृतिक टीमों द्वारा इस मौके पर कुमाऊंनी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई।
इससे पूर्व गंगोलीहाट की विधायक मीना गंगोला ने मेले का उद्घाटन किया। अवकाश का दिन होने के कारण मेला परिसर में काफी भीड़ देखने को मिली। सेराघाट बाजार में भी खूब चहल-पहल रही। लोगों ने खासकर महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की। इस बार भी सरयू किनारे लोहाघाट, हल्द्वानी, बरेली, धारचूला, थल समेत कई क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने अपनी दुकानें लगाई थी। मेले में मिठाइयां, जलेबी, कपड़े भी खूब बिके। मेले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए स्थानीय बाजार में शराब की दुकान बंद रही।