सेराघाट के सरयू तट पर आयोजित मेले में उमड़ी भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : ALMORA
धौलछीना(अल्मोड़ा)। मकर संक्रांति के अवसर पर सेराघाट के सरयू तट पर हर साल आयोजित होने वाला मेला इस बार भी धूमधाम से मनाया गया। सरयू किनारे मेला आयोजन स्थल पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू नदी पर डुबकी लगाई।
बिनाकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित मेले में विभिन्न स्थानों से आईं सांस्कृतिक टीमों के कलाकारों ने कुमाऊंनी गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाकर बिनाकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। सुबह चार बजे से ही श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान के लिए जुटने लगे। मेले में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ बागेश्वर जिलों के तमाम लोग पहुंचे। स्थानीय व्यापारियों के अलावा अल्मोड़ा, हल्द्वानी, बरेली, धारचूला, थल आदि क्षेत्रों के व्यापारियों ने भी दुकानें लगाईं। इस अवसर पर सरयू किनारे कई लोगों द्वारा यज्ञोपवीत आदि संस्कार किए गए। सेराघाट बाजार में भी खूब चहल-पहल रही। इससे पूर्व मेले का उद्घाटन गंगोलीहाट विधायक मीना गंगोला ने किया।