अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर की संकाय स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में कला संकाय ने विज्ञान संकाय को 2-1 से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। यह रोमांचक फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को एचएनबी स्टेडियम में कला संकाय और विज्ञान संकाय के बीच खेला गया।
कला संकाय की ओर से गौरव और अंशु ने एक-एक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। विज्ञान संकाय के लिए नितिन ने एकमात्र गोल किया, लेकिन वह जीत के लिए पर्याप्त नहीं था। मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में छात्र-छात्राओं की खासी भीड़ जुटी रही, जिन्होंने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट और अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शेखर जोशी ने विजेता कला संकाय को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। यहां संकाय प्रतियोगिताओं के सभी विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
विशाल कनवाल, विक्की गोस्वामी, कमल रावत मैच के रेफरी रहे। वहां विवि के क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली खान, डॉ. केके खोलिया,पंकज, हरेंद्र, किशन कुमार, प्रेम लटवाल सहित खेल प्रेमी मौजूद थे।