अल्मोड़ा। अंधत्व निवारण और समाज में नेत्रदान के प्रति अलख जगाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसियाछाना में जागरूकता गोष्ठी हुई। इस दौरान आयोजित नेत्र शिविर में कई नेत्र रोगियों की आंखों की जांच कर उन्हें उचित उपचार और दवाइयां दी गईं।
वक्ताओं ने नेत्रदान महादान के संकल्प को दोहराते हुए स्थानीय जनता को मृत्युपरांत अपनी आंखें दान करने के लिए प्रेरित किया ताकि कॉर्नियल ब्लाइंडनेस (पुतली की खराबी) से जूझ रहे लाखों लोगों के जीवन में दोबारा उजाला लाया जा सके। दृष्टिमीतिज्ञ रेनू जोशी ने कहा कि मृत्यु के बाद भी हमारी आंखें किसी बेनूर जिंदगी को नई रोशनी दे सकती हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अंधविश्वासों से ऊपर उठकर अधिक से अधिक संख्या में मृत्युपरांत नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिशा पांडे ने राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में स्थित आई बैंक की कार्यप्रणाली के बारे में पूरी जानकारी दी। वहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव शुक्ला, फार्मासिस्ट प्रकाश चंद्र, लैब टेक्नीशियन कमल, शशि कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद