लोगों को ठगने वाला प्रतीक मिश्रा पुलिस गिरफ्त में।
- फोटो : amar ujala
निवेशकों के 45 लाख रुपये हड़पने के मामले में पुलिस ने एवरग्रीन कोऑपरेटिव सोसाइटी के वाइस चेयरमैन प्रतीक मिश्रा को पीलीभीत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सीजेएम की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एवरग्रीन कोऑपरेटिव सोसाइटी के प्रबंधकों ने कुछ साल पहले यहां चौघानपाटा के निकट एक भवन में कार्यालय खोला। उन्होंने लोगों को मुनाफे का लालच देकर पैसा निवेश करवाया। दर्जनों लोगों ने सोसाइटी में निवेश किया। धोखाधड़ी के शिकार हुए दामुधारा गोलनाकरड़िया निवासी अमित कुमार आर्या ने 23 नवंबर 2017 को एवरग्रीन सोसाइटी के प्रबंधकों के खिलाफ धारा 406 के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस जांच में पता चला कि कई लोगों ने 50 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक निवेश किया। सोसाइटी के कर्ता-धर्ताओं ने किसी का पैसा नहीं लौटाया और बाद में ऑफिस बंद कर फरार हो गए।
एसएसआई नीरज भाकुनी और कांस्टेबल ललित मोहन ने एवरग्रीन सोसाइटी के वाइस चेयरमैन प्रतीक मिश्रा पुत्र प्रदीप मिश्रा निवासी निरंजकुंज पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई नीरज भाकुनी ने बताया कि इस मामले अन्य आरोपियों प्रदीप गुप्ता पुत्र उपदेश गुप्ता, ज्योति गुप्ता पत्नी प्रदीप गुप्ता निवासी सदर सफाखाना रामपुर (यूपी) और सुष्मिता सक्सेना पुत्री ओमप्रकाश सक्सेना निवासी जलालाबाद शाहजहांपुर (यूपी) की भी तलाश की गई। पुलिस को पता लगा है कि इसमें एक आरोपी प्रदीप गुप्ता की गिरफ्तारी गुजरात पुलिस धोखाधड़ी के आरोप में पहले ही कर चुकी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।