ठंड के मौसम में भी सल्ट विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों में गत तीन माह से पानी की आपूर्ति ठप है। पानी नहीं मिलने से इन गांवों में हाहाकार मचा है। ग्रामीण चार किमी दूर आसपास के प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढो रहे हैं। पूरा दिन पानी जुटाने में ही बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों का शिष्टमंडल गुरुवार को उप जिलाधिकारी गोपाल राम बिनवाल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने के साथ ही आंदोलन करने का ऐलान किया है।
क्षेत्र की गुलार-कलगेत पेयजल योजना से सल्ट ब्लॉक के मौलेखाल, शशिखाल, मैठानी, हिनौला, करगेत, नपटवा समेत आधा दर्जन से अधिक गांवों में पानी की आपूर्ति होती है। गत तीन माह से पेयजल योजना में पानी नहीं आ रहा है। ठंड के मौसम में गांवों में पानी के लिए हाहाकार मचा है। स्थिति यह है कि ग्रामीण चार किमी दूर प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर है। पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों समेत किराये में रहने वाले कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौलेखाल के प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि तीन माह से गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। जल संस्थान के अधिकारियों को इस संबंध में कई बार सूचना दी गई, लेकिन वे ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों का पूरा दिन पानी जुटाने में ही बर्बाद हो रहा है।
इधर इस मामले में ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल एसडीएम से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं होने पर विधानसभा चुनाव का बहिष्कार कर आंदोलन का ऐलान किया है। शिष्टमंडल में जगत अधिकारी, कैलाश शर्मा, पान सिंह कड़ाकोटी, योगेंद्र सिंह, बची सिंह, संतोष कुमार, भुवन अधिकारी, पुष्कर सिंह, राम सिंह, मंगल सिंह, तुलसी राम, सुरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, चिंता राम, रणजीत सिंह, भोला दत्त, माधवी देवी, रोशनी रावत, भीम सिंह बोरा, जगदीश चंद्र, सुनील कुमार समेत काफी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।