अल्मोड़ा। चालक हादसों के बाद भी सबक नहीं ले रहे हैं। डीएल के बगैर ही चालक वाहन दौड़ा कर लोगों की जान को खतरे में डाल रहे हैं। वहीं बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालक खुद की जान दांव पर लगा रहे हैं। चालकों की लापरवाही यात्रियों पर भारी पड़ रही है।
यातायात नियमों की अनदेखी कई बार जिंदगी पर भारी पड़ जाती है। यातायात नियमों को लेकर चले जागरुकता अभियान के बाद भी चालकों में जागरुकता नहीं आई है। कई चालक बिना हेलमेट दोपहिया तो कई बिना सीट बेल्ट के वाहन चला रहे हैं। कई चालक ऐसे भी हैं जिनके पास डीएल नहीं है। इनमें नाबालिग भी शामिल हैं जो पुलिस से बचकर वाहन चला रहे। ऐसे चालक जहां यात्रियों की जान को खतरे में डाल रहे हैं वहीं राहगीरों को भी इनसे खतरा बना रहता है। ऐसे चालक नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में टक्कर मार कर कई यात्रियों को चोटिल कर चुके हैं। नगर के गली मोहल्लों में भी दोपहिया पर तीन सवारी बैठाना आम हो गया है। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने पर छह, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर चार और बिना डीएल के वाहन चलाने पर चार चालकों का चालान किया। चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। यातायात प्रभारी दरवान सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।