मौलेखाल (अल्मोड़ा)। विकासखंड सल्ट में पिछले एक सप्ताह से जारी बिजली की आंख-मिचौली से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। शशिखाल विद्युत उपकेंद्र से संचालित मौलेखाल फीडर में तकनीकी खराबी को कारण बताया जा रहा है। इस कारण 50 से अधिक गांवों और करीब 20 हजार की आबादी को लगातार बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है।
दिनभर बार-बार बिजली गुल रहने और रात में भी आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों के साथ-साथ कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्र के आटा चक्की संचालकों का कहना है कि लगातार बिजली बाधित रहने से पूरे दिन में डेढ़ क्विंटल गेहूं भी नहीं पीस पा रहे हैं।
वहीं, कॉमन सर्विस सेंटर, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों, ब्यूटी पार्लर, वेल्डिंग, फोटो स्टूडियो सहित बिजली आधारित कई व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। एक दुकानदार ने बताया कि लगातार बिजली संकट के चलते उसे आइसक्रीम का कारोबार तक बंद करना पड़ा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार बिजली कटने से घरों और दुकानों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बेकार साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार की लापरवाही को समस्या का प्रमुख कारण बताते हुए आरोप लगाया कि फीडर में आने वाले फॉल्ट का समय पर पता लगाने और उसे ठीक करने में कर्मचारियों की उदासीनता के कारण आम जनता को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम से तकनीकी खराबी का स्थायी समाधान कर नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।