जिले के गुरुड़ाबांज में सात नवंबर को होने वाले राज्योत्सव 2015 में मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश की कांग्रेस सरकार कार्यक्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इस कार्यक्रम में लाने का प्रयास कर रही है। जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी ने इसके लिए स्वीकृति दे दी है। इस आयोजन का मकसद भले ही जागेश्वर क्षेत्र को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करना बताया जा रहा हो, लेकिन इसके बहाने कांग्रेस मिशन 2017 का चुनावी बिगुल भी फूंकेगी।
सरकार ने पांच और छह नवंबर को प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थली जागेश्वर में योग महोत्सव का आयोजन किया है। योग महोत्सव में विश्व के कई देशों से 100 से अधिक मेहमान पहुंच रहे हैं। सात नवंबर को योग महोत्सव का समापन गुरुड़ाबांज में होगा। महोत्सव के समापन पर ही यहां राज्योत्सव का कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पर्यटन मंत्री दिनेश धनै, वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश, काबिना मंत्री यशपाल आर्य समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेता पहुंचेंगे। साथ ही कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के पहुंचने की प्रबल संभावना है। सोनिया गांधी के संभावित दौरे को लेकर प्रदेश सरकार ने आयोजन स्थल के चौड़ीकरण, सड़क, पानी, बिजली आदि की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गुरुड़ाबांज स्थित मैदान को जेसीबी मशीन लगाकर चौड़ा किया जा रहा है। मैदान तक पहुंचने को सड़क, पानी, बिजली आदि की व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। वहीं पार्टी ने भी आयोजन के दिन विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों से बड़ी संख्या में लोगों को गुरुड़ाबांज लाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। क्षेत्र के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने बताया कि सोनिया गांधी ने आयोजन में आने की सहमति दे दी है। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों से बड़ी संख्या मे लोग पहुंचेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने को कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।