चौखुटिया में कोरोना मरीजों को लेकर आ रही एंबुलेंस को ड्राइव करते चिकित्सक डा. विवेक पंत साथ में अ?
- फोटो : ALMORA
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकासखंड में पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे स्वास्थ्य महकमे समेत प्रशासन भी चिंतित है। बृहस्पतिवार को सिमलखेत में ग्राम प्रधान सहित आठ संक्रमित मिले हैं। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित रतन ने बताया कि भनोटिया, भटकोट, ताल, सकलैं, गनाई बाजार, ग्वाली और गैरसैंण जिला चमोली के मेहलचौरी का एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित है। वहीं तहसील के गढ़वाल से लगी ग्राम पंचायत सिमलखेत में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। शुक्रवार को संयुक्त टीम सिमलखेत पहुंचेगी। एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि सिमलखेत के सभी ग्रामीणों का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। अधिक ग्रामीणों के संक्रमित मिलने पर गांव से आवाजाही रोकने के लिए गांव को सील भी किया जा सकता है। एसडीएम ने तहसील क्षेत्र के सभी लोगों से कोरोना टेस्ट कराने को कहा है।
डॉ. पंत को चलानी पड़ी एंबुलेंस
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। संसाधनों की भारी कमी के चलते कोरोना के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य महकमे की चुनौती बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को गांव से कोरोना मरीजों को कोविड केयर सेंटर लाना था लेकिन विभागीय एंबुलेंस के चालक की तबियत खराब होने के कारण डॉ. विवेक पंत ने खुद एंबुलेंस चलाई। वह कार्यक्रम प्रबंधक अतुल सक्सेना के साथ पीपीई किट पहनकर मरीजों को गांवों से लाए, जबकि कुछ के लिए अलग से दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई। डॉ. पंत और उनके सहयोगियों की लोगों ने खूब सराहना की। बताया कि प्रभारी डॉ. अमित रतन के निर्देश पर डॉ. पंत, डॉ. सौम्या चंद्र, अतुल सक्सेना, नवीन कांडपाल कोरोना मरीजों के इलाज में जुटे हैं। चौखुटिया तहसील में करीब 48 मरीज स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं। संवाद
सुरक्षित दूरी की होने लगी अनदेखी
चौखुटिया (अल्मोड़ा)। पिछले कुछ दिनों से लोग कोरोना के प्रति लापरवाही बढ़ा रहे हैं। सुरक्षित दूरी, मास्क पहनने की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। इसी के चलते कोरोना रोगियों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रशासन, स्वास्थ्य महकमे ने लोगों से कोरोना के प्रति पहले की तरह सावधानी बढ़ाने की अपील की है। संवाद