रानीखेत/मौलेखाल (अल्मोड़ा)। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आठ बच्चों का चयन हुआ है। इन बच्चों को अब प्रतिमाह 1500 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी।
ताड़ीखेत ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय खिरखेत से वर्ष 2025-26 के लिए तीन बच्चों का चयन मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के तहत हुआ है। इनमें हाईस्कूल स्तर की दीक्षा भट्ट तथा जूनियर हाईस्कूल स्तर की महिमा तिवारी, गौरव तिवारी शामिल हैं। बच्चों की इस उपलब्धि पर विद्यालय स्टाफ एवं अभिभावक प्रसन्न हैं। बच्चों का स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
आर्मी पब्लिक स्कूल रानीखेत के तीन प्रतिभाशाली छात्रों यशस्वी धामी, चिरायु नेगी और ध्रुव राणा का मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत चयन होने पर विद्यालय परिवार ने उनका सम्मान किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जोशी, शारीरिक शिक्षक सैम हार्वर्ड स्मिथ, भूपेंद्र परिहार, बृजेश जोशी, हेम पंत सहित समस्त स्कूल परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उधर, सल्ट ब्लॉक अंतर्गत जूनियर हाईस्कूल मुनड़ा से दो छात्राओं आकांक्षा और प्रभा का चयन इस योजना के लिए हुआ है। ये दोनों छात्राएं सगी बहनें हैं। शिक्षक सुरेश उपाध्याय, संजय जोशी, गिरधारी सिंह और अभिभावकों ने खुशी व्यक्त की है। संवाद