चंपावत। चंपावत कैंपस में प्रवेश के लिए 14 तक पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। अब वंचित छात्र-छात्राओं के पास फिर से प्रवेश का एक मौका है। समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी पीडी पंत ने बताया कि शासन के आदेश के बाद स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश पंजीकरण 14 जून तक विस्तारित कर दिया गया है। वर्तमान समय तक 31 मई तक प्रवेश करा चुके छात्र-छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। दूसरे चरण में प्रवेश पंजीकरण की प्रक्रिया 14 जून को समाप्त होने के बाद 15 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्राचार्य प्रोफेसर चंद्र राम ने छात्र-छात्राओं से समर्थ पोर्टल में समय से प्रवेश पंजीकरण कराने की अपील की है। संवाद
फीस जमा करने में आ रही दिक्कत
चंपावत। चंपावत कैंपस में प्रवेश करा चुके छात्र-छात्राओं की ऑनलाइन फीस जमा नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि फीस जमा करने की प्रक्रिया छह जून से शुरू होनी थी लेकिन कई बार प्रयास करने के बाद भी फीस जमा नहीं हुई। छात्र-छात्राएं सुबह से समर्थ पोर्टल में फीस जमा करने का प्रयास करते रहे। छात्र दीपक ने बताया कि समर्थ पोर्टल में फीस जमा नहीं हुई। कई प्रयास के बाद भी पोर्टल में फीस संबंधी पेज नहीं खुल पाया। छात्रा ललिता ने बताया कि उनके क्षेत्र मंच में अक्सर संचार की समस्या रहती है। प्रवेश प्रक्रिया तो हो गई लेकिन अब ऑनलाइन फीस का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इधर चंपावत परिसर में समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी पीडी पंत ने बताया कि वर्तमान में ऑनलाइन फीस का भुगतान नहीं हो रहा है। पोर्टल में चंपावत कैंपस का खाता फीड किया जाना है। इसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद फीस भुगतान की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संवाद