रानीखेत, सल्ट और द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र के लिए हुई नामांकनों की जांच प्रक्रिया यहां पूरी हो गई है। द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र से दो निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हुए हैं, जबकि रानीखेत और सल्ट विधानसभा क्षेत्र से सभी प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए।
मालूम हो कि रानीखेत, द्वाराहाट और सल्ट विधानसभा सीट के लिए रानीखेत तहसील में ही प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। 27 जनवरी को प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई। सुबह से ही निर्वाचन अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रपत्रों की जांच में जुटे रहे। रानीखेत विधानसभा सीट से छह नामांकन हुए थे, जांच में सभी प्रत्याशियों के प्रपत्र सही पाए गए।
सल्ट से 10 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। वहां भी जांच में सभी के नामांकन ठीक पाए गए। द्वाराहाट विधानसभा के लिए सबसे अधिक 13 नामांकन हुए थे। निर्वाचन अधिकारी गौरव चटवाल ने बताया कि निर्दलीय राजेंद्र सिंह और नवीन जोशी का नामांकन रद्द हुआ है। दोनों प्रत्याशियों के प्रारूप 26 प्रपत्र पूर्ण नहीं थे। अब द्वाराहाट से 11 प्रत्याशी फिलहाल मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि द्वाराहाट सीट से बसपा प्रत्याशी गिरीश चौधरी के नामांकन के खिलाफ द्वाराहाट के ही दिवाकर कार्की नामक व्यक्ति ने आपत्ति दर्ज कराई थी, लेकिन निर्वाचन आयोग की गाइड लाइन में नामांकन सही पाया गया, अलबत्ता उन्होंने आपत्ति को खारिज कर दिया है।