द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मनरेगा कर्मियों का भुगतान करने, क्षेत्र पंचायत निधि, राज्य वित्त में कटौती, द्वाराहाट तहसील में स्थायी एसडीएम, तहसीलदार की नियुक्ति सहित तमाम मांगों को लेकर यहां ब्लॉक मुख्यालय में पंचायत प्रतिनिधियों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। मांगें पूरी न होने से पंचायत प्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि मनरेगा के कुशल, अकुशल श्रमिकों की मजदूरी का लंबे समय से भुगतान नहीं हुआ है, जिसके चलते उनके सम्मुख रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। निर्माण कार्यों की सामग्री उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। तमाम मांगों को लेकर 19 मई को डीएम को ज्ञापन भेजा गया था, लेकिन उनकी ओर से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कहा कि शासन-प्रशासन में बैठे लोग बात सुनने को तैयार नहीं हैं। यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरने पर ब्लॉक प्रमुख ममता भट्ट, प्रधान संगठन अध्यक्ष महेश पंत, पूरन पांडे, जीवन सिंह, दीपक बिष्ट, लाल सिंह बिष्ट, नवीन मैनाली आदि बैठे।