अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट के निर्देश पर जिले भर में पुलिस की ओर से मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार की देर रात एसओजी और पुलिस की टीम ने नेपाल मूल के एक डंपर चालक के पास 12.14 ग्राम स्मैक बरामद की। उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार की रात लोअर मालरोड गैस गोदाम तिराहे के पास नेपाली मूल के सुरखेत जिला कैलाली हाल नियर सीएमओ कार्यालय अल्मोड़ा निवासी डंपर चालक संजीव कुमार गोश्वामी (24) संदिग्ध पाया गया। टीम ने पूछताछ और चेकिंग कर युवक के कब्जे से 12.14 ग्राम स्मैक बरामद की।
एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि नगर में काफी समय से स्मैक बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। डंपर चालक के पास से स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। इसके साथ ही उसके पास स्मैक बेचकर कमाए आठ हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। पूछताछ पर युवक ने बताया वह डंपर चलाने के साथ-साथ हल्द्वानी से स्मैक खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर अल्मोड़ा के युवाओं को बेचता है। युवक को गिरफ्तार कर कोतवाली अल्मोड़ा में धारा- 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम में एसआई संतोष तिवारी, कांस्टेबल जाकिर हुसैन, एसओजी कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, दीपक खनका, राजेश भट्ट आदि शामिल थे।