अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को चितई स्थित प्रसिद्ध ग्वेल देवता मंदिर में शीश नवाया। उन्होंने मंदिर दर्शन के बाद वहां पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और आसपास पार्टी कार्यकर्ताओं संग विभिन्न प्रजाति के पौधे रोपे।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को चितई स्थित प्रसिद्ध ग्वेल देवता मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में ग्वल देवता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं संग मंदिर परिसर और आसपास तेज पत्ता समेत अन्य प्रजाति के पौधे लगाए। वहां भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, गोविंद सिंह पिलख्वाल, विनीत बिष्ट, महेश नयाल आदि थे।
अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील
अल्मोड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को जिला अस्पताल अल्मोड़ा के रक्तकोष में रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने रक्तदान को अति आवश्यक बताते हुए रक्तकोष में अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की। इस मौके पर 20 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। पूर्व सीएम ने रक्तदाताओं को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान अति आवश्यक है। कई बार मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ती है लेकिन रक्त की कमी के बीच अनहोनी होने का भय रहता है। इस बीच रक्तकोष में यदि आवश्यकतानुसार रक्त उपलब्ध होगा तो मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। शिविर में भाजपा, भाजयुमो, महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने रक्तदान किया। वहां विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महिला आयोग उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा, पूर्व मंत्री गोविंद पिलख्वाल, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रकाश रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिला मंत्री विनीत बिष्ट, उपाध्यक्ष राजेंद्र कैड़ा आदि रहे।
कांटली पहुंचकर रोपे गए पौधों का लिया जायजा
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत शुक्रवार को सोमेश्वर पहुंचे। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कांटली का भ्रमण किया और वहां पूर्व में लगाए गए पौधों की स्थिति का जायजा लिया और एक बांज का पौधा लगाया। कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए धरा पर हरियाली जरूरी है। इस मौके पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर कार्यकर्ता लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति जागरूक करें। तीसरी लहर में बच्चों को बचाने के उपाय लोगों को बताएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या, वन क्षेत्राधिकारी सोमेश्वर विशन लाल आर्या, मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह नेगी, राजेंद्र कैड़ा, विशन रावत, दलीप रौतेला, पुष्कर मेहता, प्रहलाद बोरा, नरेंद्र मोहन नयाल, आदि शामिल रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के सोमेश्वर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार ने सोमेश्वर विधानसभा के लिए कई घोषणाएं की लेकिन एक भी घोषणा अब तक पूरी नहीं हुई। इससे क्षेत्र में विकास का पहिया रुक गया है। घोषणाएं पूरी न होने के बाद भी सीएम क्षेत्र में भ्रमण कर जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जैसे ही पता चला कि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत कांटली पहुंच गए हैं तो कांग्रेसी भी वहां पहुंच गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुुरू कर दी। कहा कि गत वर्ष कोसी पुनर्जीवन कार्यक्रम के तहत पौधरोपण के दौरान पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कौसानी से कांटली तक क्षतिग्रस्त सड़क पर फिर से डामरीकरण कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विरोध जताने वालों में पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश नेगी, राजीव गांधी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी प्रदेश महासचिव प्रकाश बिष्ट, उपाध्यक्ष राजू भट्ट, शिवराज नयाल, भीम सिंह अलमिया, राहुल आया आदि रहे।