द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मेल्टा-बग्वालीपोखर-तल्ली मिरई मोटर मार्ग पर बुधवार की देर रात डंपर और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना स्थल से फिलहाल डंपर चालक फरार बताया जा रहा है। अलबत्ता गुस्साए लोगों ने वहां पूर्व विधायक मदन बिष्ट के नेतृत्व में जाम लगा दिया है। लोगों का कहना है कि जब तक डंपर चालक गिरफ्तार नहीं होता तब तक शव नहीं उठाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि भंडरगांव निवासी डुंगर सिंह(45) पुत्र चंदन सिंह की द्वाराहाट बाजार में चाय की दुकान है। वह प्रतिदिन घर से दुकान तक बाइक से अप-डाउन करते थे। बुधवार की देर शाम वह दुकान बंद करने के बाद अपने भंडरगांव के लिए निकले। इसी बीच मेल्टा-बग्वालीपोखर-तल्ली मिरई मोटर मार्ग पर डंपर से उनकी भिड़ंत हो गई, डुंगर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया।
आक्रोशित लोगों ने वहां पूर्व विधायक मदन बिष्ट के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। मौके पर प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंच गई। ग्रामीणों ने देर रात तक शव नहीं उठाने दिया। बताया जा रहा है कि डंपर क्षेत्र में कुछ सामान छोड़ने आया था। घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है।