अल्मोड़ा। नगर और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शाम के समय हल्की बारिश से साथ तेज आंधी-तूफान ने तबाही मचाई। नगर के सबसे व्यस्त माल रोड पर नगर निगम की रेलिंग भरभरा कर टूट गई। मलबा गिरने से सड़क पर खड़ी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। कई घरों के छत की टीन और तिरपाल उड़ गए। राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार की सुबह घाटी क्षेत्र में हल्के बादल छाए रहे। सूर्योदय होने के बाद धूप खिली और मौसम सुहावना हो गया। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और आसमान में बादल छा गए। इस दौरान कभी धूप खिली रही तो कभी बारिश होने के आसार बना रहा। शाम को करीब सात बजे के आसपास मौसम का मिजाज बदल गया।
तेज आंधी-तूफान से नगर निगम के छत की रेलिंग टूट गई। मलबा गिरने से माल रोड पर खड़ी स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही नगर निगम की दुकानों के बोर्ड भी सड़क पर गिर गए। इस दौरान बिजली के तार क्षतिग्रस्तत होने से बत्ती गुल हो गई। संयोग रहा कि बारिश के चलते इस दौरान राहगीर नहीं निकले अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। ग्रामीण इलाकों में कई घरों के छतों की टीन और तिरपाल उड़ गए। ग्रामीण इलाकों में कई लोगों की गोशालों की छत पर रखी सूखी घास भी उड़ गई। अंधड़ के दौरान बत्ती भी गुल हो गई। इससे रास्तों में अंधेरा रहा। इससे आवाजाही में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कनोली गांव के रास्ते में सूखे पेड़ की टहनिया टूट गई। इससे आवाजाही कर रहे लोग बाल-बाल बचे।
टैंट उड़ने से शादी में खलल
अल्मोड़ा। शाम के समय कई होटल परिसर और मैदानों में शादी समारोह के कार्यक्रम चल रहे थे। अंधड़ में शादी के लिए लगाए गए टैंट भी उड़ गए। इससे वहां अफरा तफरी का माहौल रहा। बारातियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से शादी समारोह में भी खलल पड़ा।