अल्मोड़ा। कोटाचामी स्थित जीआईसी में विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान का ज्ञान नहीं मिल रहा है। इसकी वजह यह है कि विद्यालय में इस विषय के शिक्षक नहीं हैं। प्रधानाचार्य का पद भी छह साल से खाली है। कार्मिकों की कमी है।
जीआईसी कोटाचामी में एलटी संवर्ग में सामाजिक विज्ञान के शिक्षक का पद रिक्त है। इस विषय में अतिथि शिक्षक भी तैनात नहीं है। ऐसे में हाईस्कूल के विद्यार्थियों को सामाजिक विज्ञान विषय की पढ़ाई करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष 2018 से विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद रिक्त है। विद्यालय के एक शिक्षक को प्रधानाचार्य का प्रभार दिया है। प्रभारी शिक्षक को कार्यालयी काम भी देखना पड़ रहा है। इससे वे कक्षाओं में समय नहीं दे पाते हैं। विद्यालय में कार्मिकों की भी कमी है। कार्यालय सहायक के चार पद सृजित हैं लेकिन तैनाती एक पद पर भी नहीं हुई है। दफ्तरी का एक, स्वच्छक का एक पद खाली है। स्वच्छक न होने से विद्यालय में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में नहीं बनी है चहारदीवारी
अल्मोड़ा। विद्यालय में चहारदीवारी भी नहीं बनी है। छुट्टी के बाद लावारिस कुत्ते और पशु विद्यालय परिसर में घुस जाते हैं और परिसर की संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही जगह-जगह गंदगी फैलाते है। विद्यालय की फुलवारी को भी क्षतिग्रस्त कर देते हैं।
विद्यालय में अतिथि शिक्षक की जल्द तैनाती की जाएगी। व्यवस्था में विद्यालय के ही अन्य शिक्षक सामाजिक विज्ञान पढ़ाते हैं।
अत्रेश सयाना, प्रभारी सीईओ अल्मोड़ा।