धुराटांक के बिबड़ी तोक में भूस्खलन से आया मलबा। संवाद
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। धौलादेवी विकासखंड की ग्राम पंचायत धुराटांक के बिबड़ी तोक में तीन दिन से लगातार हो रहे भूस्खलन से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पहाड़ी से गिर रहे मलबे की चपेट में आने से गांव की पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। भूस्खलन जारी रहने से मलबा हटाने का काम भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजाम करने तथा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शीघ्र मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
धुराटांक के ग्राम प्रधान सुरेश जोशी समेत रमेश चंद्र ललित, मोहन, कमल, बसंत बल्लभ, नंदू, शिवदत्त, दीपा, हेमा, लीला, शांति और कमला ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप कर राहत पहुंचाने की अपील की है।
-
लगातार गिर रहा मलबा, जेसीबी से काम करने में दिक्कत
लोक निर्माण विभाग के जेई पुरन चंद्र बहुगुणा ने बताया कि बिबड़ी तोक में पिछले तीन दिनों से लगातार भूस्खलन हो रहा है। मलबा हटाने के लिए मौके पर एक जेसीबी लगाई गई है लेकिन पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के कारण काम करने में काफी परेशानी हो रही है। कई बार सुरक्षा के मद्देनजर जेसीबी को भी रोकना पड़ रहा है।