द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के कैडारौघाटी क्षेत्र के सिमल्टी, बिन्ता बाजार और कौराड़ी में एक सप्ताह से पेयजल संकट बना हुआ है। भारी बारिश के बाद पेयजल योजना की लाइन क्षतिग्रस्त होने से नलों में पानी नहीं आ रहा है। इससे सिमल्टी, बिन्ता बाजार, सेला और कौराड़ी के ग्रामीण नदी व अन्य स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।
क्षेत्रवासियों के अनुसार पुरानी पेयजल योजना की पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज है। बारिश के बाद पाइपों में कूड़ा-कचरा और मलबा घुसने से आपूर्ति ठप हो गई है। सूचना के बाद जल संस्थान के कर्मचारी और लाइनमैन फाल्ट तलाशने में जुटे हैं। ग्रामीणों ने कर्मचारियों पर सक्रियता नहीं दिखाने का आरोप भी लगाया है। बताया कि करीब 1980 के दशक में बनी अल्मियां गांव-कौराड़ी पेयजल योजना की छह-सात किलोमीटर लंबी पाइप लाइन जीर्ण-शीर्ण हो चुकी है। बरसात में आए दिन लाइन क्षतिग्रस्त होती है। सामाजिक कार्यकर्ता ललित मोहन कैड़ा, नारायण सिंह नेगी, नीरज कैड़ा, अजीत शाह, भावेश कैड़ा और गौरव कैड़ा ने जल संस्थान से जल्द योजना दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।