नगर और ग्रामीण इलाकों में पेयजल समस्या बरकरार है। गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोग काफी दूर से पानी लाकर गुजारा कर रहे हैं।
नगर क्षेत्र में पानी खुलने का समय निश्चित नहीं है। इससे नौकरीपेशा, व्यापारियों, छात्र-छात्राओं और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी खुलने के इंतजार में लोगों का काफी समय बर्बाद हो रहा है पर जल संस्थान नगर क्षेत्र में स्थित मोहल्लों में निश्चित समय पर पानी की सप्लाई करने में असफल साबित हो रहा है।
मंगलवार को जल संस्थान ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैंती, बसौली, सोमेश्वर चनौदा, आईटीआई जैंती, होली-डे-होम, शीलाखेत, पपरसैली, गैंगहट, कसारदेवी, मनीआगर, स्यालीधार, चौखुटिया, पेटशाल इंटर कालेज, कफडख़ान, डीनापानी में टैंकरों से लोगों को पानी की आपूर्ति की।
उधर ग्राम पंचायत सैंणामानुसर में पिछले छह दिन से पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। नौलों में भी पानी का स्तर घट गया है। क्षेत्र को बरकिंडा मानिला पेयजल योजना से सप्लाई होती है, पर ग्रामीणों को पानी नहीं मिल रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।