हवालबाग विकासखंड के ज्योली में टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पेयजल संकट से निजात नहीं मिल पा रही है। स्टैंड पोस्टों और जल स्रोतों में पानी भरने के लिए लोगों की कतार लग रही है। वहीं जल संस्थान द्वारा जिन क्षेत्रों में टैंकर भेजे जा रहे हैं वहां टैंकर पहुंचते ही पानी भरने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुट रही है।
बुधवार सायं विद्युत विभाग के कोसी स्थित बिजली घर में खराबी आ जाने से कोसी नदी में स्थित पेयजल पंपों को बिजली सप्लाई नहीं हो सकी थी और चार घंटे पेयजल पंप बंद रहे थे। जिसका असर बृहस्पतिवार को नगर की पेयजल आपूर्ति पर पड़ा। नगर के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी जल संकट बढ़ने लगा है।
हवालबाग विकासखंड के ज्योली, कनेली, बसर समेत कई गांवों में गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। जल संस्थान द्वारा ज्योली में आज टैंकर भेजा गया। टैंकर से पहुंचते ही पानी भरने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण खाली बर्तन लेकर पहुंच गए। इसके अलावा जल संस्थान ने नाटाडोल, दशौला बडियाल, नाटाडोल इंटर कालेज, नैनी बाराकोट, शैला, शैल, लोधिया, कटारमल, घनेली, काकड़ीघाट में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की।