डीनापानी में टैंकर से पानी भरते ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
जिले में पेयजल संकट की समस्या हल नहीं हो पा रही है। नगरीय क्षेत्रों में जहां लोगों को जरूरत के मुताबिक पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है वहीं ग्रामीण इलाकों में स्रोतों का जल स्तर गिरने से पानी का संकट गहरा गया है।
नगर में धारानौला, खत्याड़ी, चीनाखान, खोल्टा समेत कई मोहल्लों में घनी आबादी है। इन क्षेत्रों में जल संस्थान पर्याप्त पानी की आपूर्ति करने में विफल साबित हो रहा है। उधर हवालबाग विकासखंड के डीनापानी क्षेत्र के लिए बिनसर स्थित स्रोत से पेयजल योजना बनी है, लेकिन स्रोत का जल स्तर काफी कम होने से डीनापानी आदि इलाकों को पर्याप्त पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है। इससे डीनापानी और आसपास के इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। इसके अलावा अन्य ग्रामीण इलाकों में भी जल संकट से ग्रामीण जूझ रहे हैं। जल संस्थान ने शुक्रवार को फड़का, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जैंती, सैल बाइपास, घनेली, डीनापानी आदि इलाकों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की। टैंकरों में पानी भरने के लिए सड़क से लगे क्षेत्रों के काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।