डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने उदय शंकर नाट्य अकादमी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अकादमी में चित्रकला प्रदर्शनी, फोटो गैलरी के साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प द्वारा निर्मित सामग्री को यहां पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही आर्ट कला से जुड़े लोगों के माध्यम से दीवारों पर पेंटिंग कराई जाएगी। उन्होंने प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी को अकादमी की चहारदीवारी के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अकादमी में म्यूजियम शॉप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक जिला अल्मोड़ा से संबंधित फोटो स्वत: स्फूर्त भावना से देना चाहते हों वह उनसे संपर्क कर सकते हैं। फोटो उपलब्ध कराने वाले लोगों के नाम फोटो के नीचे लिखा जाएगा। उन्होंने पुरातत्व विभाग को पंडित उदय शंकर से संबंधित चित्र फोटो गैलरी में लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के कई फोटोग्राफरों ने पुराने चित्रों को देने पर सहमति जताई है जो अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा का ताम्र उद्योग, ऐपण समेत अनेक विधाएं अलग स्थान रखती हैं। इससे जुड़े लोग अपने बनाए गए हस्तशिल्प की प्रदर्शनी उदय शंकर नाट्य अकादमी में लगाना चाहेंगे तो उन्हें सुविधा दिलाई जाएगी।
उन्होंने प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी से अकादमी की चहारदीवारी के लिए कार्ययोजना बनाने को कहा ताकि इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जा सके। उदय शंकर नाट्य अकादमी की जिस भावना से स्थापना की गई थी, उसे साकार करने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी चंद्र सिंह चौहान आदि थे।