शैल एनटीडी में वन स्टाफ सेंटर का शुभारंभ करते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल ने महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा शैल (एनटीडी) में बनाए गए वन स्टॉप सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य निजी और सार्वजनिक स्थानों पर परिवार, समुदाय के भीतर या बाहर, कार्यस्थल पर हिंसा से प्रभावित महिला को सहयोग प्रदान किया जाना है। साथ ही उन्हें न्याय और पुनर्वास के लिए मदद भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस सेंटर में ऐसी पीड़ित महिलाओं को कानूनी, चिकित्सा सहायता और मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान की जाएगी। पांच बैड वाले इस सेंटर का नाम सखी वन स्टॉप सेंटर रखा गया है। यहां पर निशुल्क भोजन और रहने की व्यवस्था है।
उन्होंने बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेंटर में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें। जो पीड़ित महिलाएं यहां आएंगी उनका पूर्ण ध्यान रखा जाए। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी मनविंदर कौर, अधिवक्ता अभिलाषा तिवारी, महिला थानाध्यक्ष श्वेता नेगी, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर प्रमिला शाह, रेनू पांडे, पूर्णा पंत, हेमा बुर्फाल, भाष्कर जोशी, हिमांशु आदि उपस्थित थे।