शिशु सदन का निरीक्षण करते जिला जज प्रदीप पंत और डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। जिला न्यायाधीश/जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष प्रदीप पंत और डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने बृहस्पतिवार को शैल स्थित वन स्टॉप सेंटर और बख स्थित किशोरी गृह, शिशु सदन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने शैल में वन स्टॉप सेंटर जाकर किचन, कमरों आदि का निरीक्षण किया। जिला जज ने वहां पर सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की सराहनी की। उन्होंने कहा कि यहां आने वाली पीड़ित महिलाओं को अच्छा वातावरण दिया जाए, जिससे वह यहां से जाकर बेहतर महसूस कर सकें। सेंटर प्रभारी और काउंसलर से अन्य जानकारियां भी लीं। बाद में बख स्थित किशोरी सदन में रह रहीं बालिकाओं से मुलाकात की और दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने रसोईघर में एक्जॉस्ट फैन, सभी कमरों में पेंट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कमरों में सीलन न आए। बच्चों की ओर से बनाए गए ऐपण, पेंटिंग भी सराही। जिला जज ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पेंटिंग और अन्य प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बाद में शिशु सदन का निरीक्षण कर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य समेत अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि बच्चों को कोई परेशानी न हो इसका ध्यान रखा जाए। छोटे बच्चों की समुचित देखभाल के निर्देश अधीक्षिका और स्टाफ को दिए। इस दौरान सीडीओ मनुज गोयल, तहसीलदार संजय कुमार, डीपीओ राजेश चौहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजीव नयन तिवारी, विद्या कर्नाटक, प्रमिला साह, बालिका गृह की अधिक्षिका माया पांडे, कविता बिष्ट, अभिलाषा तिवारी आदि थीं।