डीएम सविन बंसल ने सभी एसडीएम, पुलिस विभाग के अधिकारियों को लोन वसूली में तेजी लाने के साथ ही लंबित वादों के निस्तारण सहित यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। जिला कार्यालय में आयोजित कानून व्यवस्था की बैठक में उन्होंने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था सहित ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि गंदगी फैलाने वालों के प्रति नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।
उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में मोटर वाहन एक्ट में निहित प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने लोन वसूली में वन विभाग द्वारा धनराशि जमा नहीं करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने चौखुुटिया, सोमेश्वर, भिकियासैंण, द्वाराहाट के तहसीलदारों को अभियान चला कर लोन वसूली करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र में जहां पर लोगों के आधार कार्ड नहीं बने है उसके लिए शिविर लगने की व्यवस्था के साथ ही समय-समय पर आयोजित होने वाले बहुउद्देश्यीय शिविरों में भी आधार कार्ड शिविर लगाए। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण के क्षतिपूरक मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शासकीय अधिवक्ता को एक सूची तैयार कर वादों की स्थिति से अवगत कराने को कहा।
उन्होंने सीएम विवेकाधीन कोष से जारी चेकों के वितरण की जानकारी रखने, ठंड को देखते हुए चिन्हित स्थलों पर अलाव जलाने के भी निर्देश दिए। संभावीय परिवहन अधिकारी से सुचारु यातायात के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। एडीएम इला गिरी ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में रानीखेत के संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत कुमार, एसडीएम रिंकू बिष्ट, एनएन नगन्याल, एमएम नबियाल, सीओ जीआर वर्मा थे।