डीएम ने जिले में बन रही पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से संबंधित पार्किंग योजनाओं की सोमवार को डीएम आलोक कुमार पांडे ने कलक्ट्रेट में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों से पार्किंग स्थलों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और बाद में कई पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जीआईसी अल्मोड़ा, केमू स्टेशन, जीजीआईसी की ट्रक पार्किंग, भैरव मंदिर के पास बनी पार्किंग, चिलियानौला, भिकियासैंण, स्याल्दे, भतरौंजखान और सोमेश्वर के पार्किंग स्थलों के बारे में जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने जिलाधिकारी पांडे को पॉवर प्वाइंट के माध्यम से आवश्यक जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए सभी योजनाओं के कार्यों को गंभीरता से निर्धारित समय में पूरा करने की बात कही।
बैठक में एडीएम चंद्र सिंह मर्तोलिया, सीडीओ दिवेश शाशनी समेत जिले के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
जागेश्वर धाम में गोशाला और संस्कृत महाविद्यालय बनेंगे
डीएम आलोक कुमार पांडे ने बताया कि जागेश्वर धाम में एक गोशाला और संस्कृत महाविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि पुजारियों की मांग और धाम की प्रबंधिका की ओर से दिए गए प्रस्ताव के आधार पर जागेश्वर में एक गोशाला और संस्कृत महाविद्यालय के निर्माण को अनुमति दे दी गई है। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच के लिए निर्देश दिए।