बाखली खेल मैदान में प्राथमिक और जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय तीन दिवसीय मिनी खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू हो गई हैं। गत वर्ष की चैंपियन ताड़ीखेत की दीक्षा खनायक ने मशाल दौड़ के बाद प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। शिक्षिकाओं ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत गाया।
मुख्य अतिथि पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, डीईओ आरएस बहादुर, बीईओ भारत जोशी, दिगंबर आर्या, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या नंदी शर्मा और पूर्व बीईओ गणेश पाठक ने दीप प्रज्वलित करने के बाद मार्च पास्ट की सलामी ली। सभी अतिथियों ने प्रतिभागियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करते हुए प्रांत और राष्टीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन समिति की ओर से चौखुटिया ब्लॉक की शिक्षिकाओं ने अतिथियों और बाहर से आई टीमों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत करने के बाद बैज अलंकृत किए। जिले के सभी ग्यारह ब्लॉकों के प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट करने के बाद शपथ ली। इस दौरान राजकीय आदर्श जूनियर हाइस्कूल छिताड़ के बच्चे बैंड बजाते हुए सबसे आगे चल रहे थे। पहले दिन का अधिकांश समय उद्घाटन, स्वागत और मार्चपास्ट आदि औपचारिकताओं में ही बीत गया देर शाम तक कबड्डी, खो-खो और अंताक्षरी के प्रारंभिक चरण ही संपन्न हो सके।
कार्यक्रम का संचालन पीसी उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम आयोजन में जिला खेल समन्वयक दीपक शाही, ब्लाक खेल समन्वयक ललित नारायण रौतेला, ललिता जोशी, मंजू शर्मा, मीना शर्मा, राम बहादुर, माला सहल, जय प्रकाश, गौरव रावत, शैलेंद्र सिंह, मंगलसिंह, कुलदीप पांडे, उीपक मेहता, भूपेंद्र बिष्ट, बलवंत अधिकारी, आशा वर्मा, देवेद्र सिंह, हरपाल सिंह, गणेश कंडारी, संगीता वर्मा, भानुप्रताप सिंह, रितु आदि का सहयोग रहा।