लंबित मांगों का समाधान नहीं होने पर राजकीय माध्यमिक स्कूलों के शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे जिले के 254 हाईस्कूलों और इंटर कालेजों में पठन-पाठन पूरी तरह ठप रहा। आंदोलित शिक्षकों ने ब्लॉक मुख्यालयों में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में एकत्र होकर धरना दिया और प्रदर्शन किया।
अल्मोड़ा नगर और हवालबाग विकासखंड के शिक्षकों ने लक्ष्मेश्वर स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने राजकीय शिक्षकों को तीन उपार्जित अवकाश देने, चयन प्रोन्नत वेतनमान में एक वेतन वृद्धि देने, यात्रा अवकाश का स्पष्ट शासनादेश जारी करने, बीआरसी, सीआरसी के पदों पर चयनित शिक्षकों को पदस्थापित, एलटी वेतनमान 4800 से बढ़ाकर 5400 रुपये करने, विकल्पधारी शिक्षकों को मूल प्रदेश भेजने, शारीरिक शिक्षा को विषय के रूप में शामिल कर इंटर में व्यायाम प्रवक्ता के पद सृजित करने की मांग की। अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश पांडे और संचालन रमेश धपोला ने किया। धरने पर महेश जोशी, डीके जोशी, भुवन जोशी, संजय पांडे, शंकर दत्त भट्ट, नंदाबल्लभ पांडे, धीरेंद्र पाठक, कपिल नयाल, माधो सिंह बिष्ट आदि ने विचार रखे। पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिला महामंत्री अजीत कार्की, धर्मेंद्र बिष्ट, अजय वर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन जताया।
उधर ताकुला ब्लॉक के शिक्षकों ने सोमेश्वर स्थित बीईओ कार्यालय में प्रदर्शन किया। धरने पर जिलाध्यक्ष नूर अफजल, ब्लाक अध्यक्ष कैलाश रावत, महेंद्र बोरा, चारु जोशी, नरेंद्र चौधरी, रमेश सिंह नेगी, रमेश लाल, पंकज भट्ट, शंकर भैसोड़ा आदि बैठे। सल्ट ब्लाक के शिक्षकों के खुमाड़ स्थित बीईओ कार्यालय में हुए धरने में ब्लाक अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मंत्री अनिल कड़ाकोटी, अमित कुमार, कुलवंत सिंह, नीलम पांडे, मोहन घुघत्याल आदि शामिल हुए।