काशीपुर। दरवाजे के आगे खड़ी गाड़ी हटाने के लिए कहने पर दो पक्ष के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडो व लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। हमले में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गए। जबकि सिर में रॉड लगने से एक वृद्ध की हालत बिगड़ गई। निजी अस्पताल से एम्स रेफर करने पर रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। हमलावर फरार बताए गए हैं। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश हैं।
घटना शनिवार रात करीब 11 बजे महुआखेड़ागंज के वार्ड नंबर सात जामा मस्जिद के पास हुई। भाजपा नेता सुबराती के घर ईद की दावत चल रही थीं। जिसमें पाकवाड़ा मुरादाबाद से उसकी बेटी व अन्य मेहमान भी आए थे। सुबराती के पुत्र अली अकबर ने अपनी स्कार्पियों गाड़ी कासिम के दरवाजे के आगे लगा दी। इस पर कासिम के पुत्रों ने एतराज किया तो उनके बीच कहासुनी हो गई। उस समय लोगों ने उनके मध्य बीच बचाव करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद अली अकबर ने करीब दर्जन भर लोगों के साथ लोहे की रॉड, लाठी, डंडे लेकर वहां पहुंचें। इन लोगों ने कासिम के परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में एक पक्ष के कासिम, उसके तीनों पुत्र अनीस, रिजवान, फुरकान व पत्नी मसीतन को गंभीर चोटें आई। इस घटना में सिर में रॉड लगने से कासिम के बड़े भाई अफजल 70 की हालत बिगड़ गई। उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थिति नाजुक होने पर उसे एम्स रेफर किया गया परंतु रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना में दूसरे पक्ष के सुबराती, उसके भतीजे साबिर को भी चोटें आईं हैं। उनका बाजपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर एसपी स्वप्न किशोर सिंह, आईटीआई कोतवाल विक्रम राठौर,पैगा चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।
इंसेट-
झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं हमलावर, पूर्व में कर चुके हैं मारपीट
मृतक अफजल के परिजनों का आरोप है कि भाजपा नेता सुबराती का परिवार झगड़ालू प्रवृत्ति का है। लोगों के साथ मारपीट व अभद्रता करना उनका शगल है। चार दिन पूर्व भी सुबराती के पुत्र अली अकबर ने उवैश के टिनशैड में जबरन अपनी कार खड़ी की थी। मना करने पर इन लोगों ने उवैश के साथ मारपीट की। इससे पूर्व भी ये कई लोगों के साथ मारपीट कर चुके हैं। कासिम ने बताया कि नौ जून को उसकी दो पौत्रियों की बरात आनी है। इन दिनों वह शादी की तैयारियों में लगे हैं। घर में सामान लाकर रखा जा रहा है। इसी कारण उन्होंने घर के दरवाजे से गाड़ी हटाने को कहा था। इन लोगों ने आवेश में हमलाकर उसके भाई की हत्या कर दी।
इनसेट-
भारी वस्तु से चोट के कारण हुई मौत
। महुआखेड़ागंज में अफजल की मौत सिर में भारी वस्तु के प्रहार के कारण होना बताई गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मृतक अफजल के सिर में बांयी ओर गहरी चोट के निशान हैं। सिर में खून के थक्के जमा होना भी मृत्यु का कारण हो सकता है। संवाद
इनसेट-
अफजल की मौत से सदमें में है परिवार
मारपीट की घटना में अफजल की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। अफजल अपने पीछे चार पुत्रों असलम, अकरम, मुकर्रम व आकिल को छोड़ गया है। जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उसके भाई कासिम के भी चार पुत्र हैं। नाती-पौत्रियों से भरे इस परिवार में अफजल की मौत से मातम का माहौल है। परिवार के लोग आरोपियों के लिए कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष रिजवान ने भी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इनसेट कोट....
कार हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। इसमें एक वृद्ध को सिर में गहरी चोट आई है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपियों की धरपकड़ तेज की जाएगी। - स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर।