अल्मोड़ा। धौलादेवी ब्लॉक के भैसाड़ी गांव में प्रदूषित पानी पीने से डायरिया फैल गया है। डायरिया से गांव के 250 लोगों में से 54 लोग बीमार हैं। गंभीर रूप से पीड़ित पांच लोगों का धौलादेवी के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और डीएम सविन बंसल ने बुधवार को तल्ली भैसाड़ी गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। डॉक्टरों की टीम ने तल्ली भैसाड़ी में शिविर लगाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम फिलहाल गांव में रहकर ही पीड़ितों का इलाज कर रही है। सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
धौलादेवी ब्लॉक के तल्ली भैसाड़ी में पिछले कुछ दिनों से डायरिया फैला हुआ है। बताया गया है कि गांव में स्थित जल स्रोत का पानी प्रदूषित होने से लोग बीमार होने लगे। इसके बाद 10 से अधिक लोग उल्टी दस्त से पीड़ित हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने डॉक्टरों की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया।
सीएमओ ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले दमा और प्रोस्टेड से पीड़ित लछम सिंह (80) की उल्टी-दस्त के बाद मृत्यु होने की जानकारी मिली थी। बताया गया है कि गांव के 54 लोग डायरिया से बीमार हैं। गंभीर रूप से पीड़ित पांच लोगों का धौलादेवी के अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
डायरिया फैलने की जानकारी मिलने पर बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने गांव में पहुंचकर लोगों का हाल जाना और बीमार लोगों के इलाज का समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने उस नौले को भी देखा जिसका पानी पीकर लोग बीमार हुए हैं।
उन्होंने शिविर में रोगियों और चिकित्सक दल के सदस्यों के भोजन आदि की व्यवस्था के लिए पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी दी। उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल योजनाओं से शुद्ध पानी की आपूर्ति करने, जल स्रोतों, टंकियों की सफाई करने को कहा।
कुंजवाल ने गांव में पेयजल की समस्या को देखते हुए रंगोड़ी पेयजल योजना के जीर्णोद्धार का आगणन बनाने के भी निर्देश दिए। डीएम सविन बंसल ने भी रोगियों के समुचित इलाज के साथ ही शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने के निर्देश दिए। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख पीतांबर पांडे, एसडीएम एनएस नगन्याल, एसीएमओ डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. सविता हयांकी आदि भी साथ थे।
सीएमओ डॉ. आरसी पंत ने बताया कि वह खुद गांव का दौरा करके लौट आए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में उपचार में जुटी है। उन्होंने बताया कि अब स्थिति पूर्ण नियंत्रण में है और कोई नया रोगी नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि जल स्रोत के पानी की भी जांच कराई गई है। सीएमओ ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक डॉक्टरों की टीम गांव में रहकर ही मरीजों का उपचार करेगी।