हरि प्रसाद टम्टा धर्मशाला का पुनर्निर्माण करने की मांग को लेकर मुंशी हरि प्रसाद टम्टा हितकारिणी सभा के बैनर तले लोगों ने जुलूस निकाला और कलक्ट्रेट में धरना दिया।
चेतावनी दी कि यदि पांच दिसंबर तक धर्मशाला का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो छह दिसंबर से क्रमिक अनशन शुरू कर दिया जाएगा।
विभिन्न संगठनों के लोग सुबह चौघानपाटा में एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकालकर नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना दिया। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि पिछले साल अल्मोड़ा में हुई कैबिनेट की बैठक में धर्मशाला निर्माण को एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन औपचारिकता पूर्ण करने में शासन-प्रशासन को एक वर्ष से अधिक समय लग रहा है।
उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले शासन ने धर्मशाला निर्माण को धनराशि अवमुक्त की थी। धनराशि का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में रोष है। प्रस्ताव पास कर धर्मशाला निर्माण के बाद उसमें बनने वाले सभागार को गरीबों को बैठकों के लिए निशुल्क देने समेत अन्य मांगें भी उठाई गईं। मांगों को लेकर सीएम को ज्ञापन भेजा। धरना और प्रदर्शन में दयाशंकर टम्टा, शेखर लखचौरा, महेश चंद्र, प्रमोद कमार, डा. संजय कुमार, सचिन कुमार टम्टा, शैलेंद्र टम्टा, सूरज टम्टा, नरेंद्र कुमार, चंदन लाल, तारा राम आर्य, कुंवर राज आदि ने भाग लिया।