अल्मोड़ा। भैंसियाछाना ब्लॉक के ग्रामसभा थाला में थाला क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले दिन उद्घाटन मुकाबले में धौलनेली ने थाला को हराया।
उद्घाटन मैच में धौलनेली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 145 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाला की टीम 95 रनों पर सिमट गई। धौलनेली के हिमांशु वाणी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 59 रन बनाए।
इससे पूर्व बतौर मुख्य अतिथि पूर्व दर्जा राज्यमंत्री बिट्टू कर्नाटक ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेलों से भविष्य तराशा जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने का मौका मिलता है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अंत में सर्वाधिक रन बनाने वाले हिमांशु को मुख्य अतिथि कर्नाटक ने मैन ऑफ द सिरीज के खिताब से नवाजा। विशिष्ट अतिथि के रूप में एनएसयूआई नेशनल कोऑर्डिनेटर गोपाल मोहन भट्ट, सेवादल के राकेश बिष्ट, हेम जोशी, प्रकाश सिंह मेहता आदि रहे। आयोजक मंडल की ओर से गोपाल राम, रवींद्र टम्टा, बंसीलाल, जयप्रकाश, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य महेंद्र प्रसाद टम्टा, विक्की वाणी आदि मौजूद रहे।