अल्मोड़ा। वन प्रभाग अल्मोड़ा के प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव और जिला अस्पताल में तैनात डॉ. प्रियंका यादव विवाह बंधन में बंध गए हैं। सोमवार को दोनों ने बेहद ही साधारण तरीके से कोर्ट में विवाह रचाया।
आज के समय में शादी के नाम पर दिखावा और फिजूलखर्ची आम है। ऐसे वक्त में सामान्य तरीके से विवाह करते हुए वनाधिकारी महातिम यादव और डॉ. प्रियंका ने लोगों को सादगी का संदेश दिया। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया गया।
डीएफओ महातिम यादव सोमवार दोपहर कुछ नजदीकी परिजनों के साथ कलक्ट्रेट स्थित उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे। इसी बीच डॉक्टर प्रियंका भी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंची और दोनों ने उप निबंधक कार्यालय में जरूरी औपचारिकताएं पूरी कीं। कोरोना गाइडलाइन के अनुसार दो-चार परिजन ही मौजूद रहे। बता दें कि डॉ. प्रियंका यहां जिला अस्पताल में ईएमओ पद पर तैनात हैं।
विवाह से एक दिन पहले रविवार को भी डीएफओ महातिम यादव ड्यूटी पर तैनात थे। डीएफओ ने जिले में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लंबी पदयात्रा की और शीतलाखेत पैदल मार्ग पर व्यू प्वाइंट को चिह्नित किया। अधिकतर लोग विवाह से कई दिन पहले से ही छुट्टी लेकर तैयारियों में जुट जाते हैं। जबकि डीएफओ लगातार इन दिनों ड्यूटी निभा रहे हैं। ड्यूटी के बीच सादगी से विवाह करने को लेकर कोई खास तैयारी भी नहीं की गई।