जागेश्वर धाम में श्रावणी मेला जारी है। श्रद्धालु प्रतिदिन महादेव के जलाभिषेक, पार्थिव पूजन समेत अन्य धार्मिक अनुष्ठानों कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से देव डांगरों को लेकर जातुरा भी जागेश्वर धाम पहुंच रही है। जागेश्वर धाम में प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।
भगवान शंकर का जलाभिषेक करने के साथ ही भक्तजन पार्थिव पूजन कर रहे हैं। बाजार क्षेत्र में बाहर से आए व्यवसायियों द्वारा लगाई गई दुकानों से लोग प्रसाद के साथ ही मन पसंद चीजें खरीद रहे हैं।इधर ग्रामीण क्षेत्रों से जागेश्वर धाम जातुरा आनी शुरू हो गई हैं।
जिला मुख्यालय से लगे फलसीमा गांव के ग्रामीण जातुरा में बुधवार को देव डागरों को लेकर जागेश्वर पहुंचे। देव डांगरों को जागेश्वर स्थित ब्रह्मकुंड में स्नान कराया गया। इसके बाद जागेश्वर धाम में पूजा अर्चना की गई। जातुरा में काफी संख्या में परंपरागत परिधान पहने महिलाओं के अलावा अन्य लोग और बच्चे भी शामिल थे।