बैठक लेते डीएम नितिन सिंह भदौरिया।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। उत्तराखंड एकल खिड़की सुगमता जिला प्राधिकृत समिति की बैठक लेते हुए डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने ग्रोथ सेंटर निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रोथ सेंटरों के खुल जाने से जहां स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा वहीं पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कृषि, उद्यान, बाल विकास, पर्यटन, सहकारिता के अधिकारियों को ग्रोथ सेंटर खोले जाने के लिए शीघ्र प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उद्यम एकल खिड़की व्यवस्था के अंतर्गत जो भी प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं, उन पर सभी विभागों से अपने स्तर से कार्रवाई और परीक्षण करते हुए संबधित प्रस्तावों पर सैद्धांतिक सहमति समय सीमा के अंतर्गत उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने जिन विभागों द्वारा आपत्तियों का निस्तारण ऑनलाइन नहीं किया जा रहा है, उन विभागों को इसे गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
वन, राजस्व, जल संस्थान, विद्युत व अन्य विभागों के अधिकारियों को विभागीय कार्रवाई मामले में पहले उसकी जांच करने और उसके बाद ही रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने महाप्रबंधक उद्योग को भूमि से संबंधित मामलों की जांच संबंधित क्षेत्र के एसडीएम से कराने को कहा। बैठक में एकल खिड़की व्यवस्था के तहत प्राप्त आवेदनों के संबंध में महाप्रबंधक उद्योग डॉ. दीपक मुरारी ने जानकारी दी। बैठक में सीडीओ मनुज गोयल, एसडीएम सीमा विश्वकर्मा, पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, अपर चिकित्साधिकारी डॉ. सविता ह्यांकी, अधिशासी अभियंता विद्युत डीडी पांगती, उद्यान अधिकारी टीएन पांडे, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनविंदर कौर आदि कई अधिकारी मौजूद थे।