जिले के लिए प्रदर्शन करते संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
घोषित रानीखेत जिले को अस्तित्व में लाने की मांग को लेकर जिला बनाओ संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने यहां अंबेडकर पार्क में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि जिले के लिए स्थानीय लोग वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन आश्वासनों के माध्यम से जनता के साथ छलावा हुआ है। तय हुआ कि 22 अक्तूबर को पूरे क्षेत्र में स्कूटर, बाइक रैली निकाली जाएगी।
जिला बनाओ संयुक्त संघर्ष मोर्चा की यहां अंबेडकर पार्क में बैठक हुई। बाद में जोरदार नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिले के लिए हर बार लोग छले गए हैं। क्षेत्र से निरंतर पलायन हो रहा है, गांव के गांव खाली हो रहे हैं। कई सुदूरवर्ती क्षेत्रों से जिला मुख्यालय की अत्यधिक दूरी है, जिसके चलते उनके काम आसानी से नहीं हो पा रहे हैं। कहा कि 1955 से लोग रानीखेत उपमंडल को जिला बनाने की मांग कर रहे हैं, 2011 में घोषणा के बावजूद जिला अस्तित्व में नहीं आ सका है। इस बार हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा। दूसरी तरफ संघर्ष मोर्चा का ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान जारी है। प्रदर्शन करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, अतुल जोशी, संजय रौतेला, विनोद कांडपाल, दीपक अग्रवाल, विनय तिवारी, अंशुल शाह, कमलेश बोरा सहित तमाम लोग शामिल थेे।