अराजक तत्वों ने शुक्रवार रात में नगर के जाखनदेवी क्षेत्र में आरामशीन के पास सड़क में खड़ी तीन बाइक और दो कारों में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। वाहन चालकों और व्यापार मंडल नेे पुलिस से अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लोग रात के समय नगर क्षेत्र की सड़कों के किनारे वाहन खड़े कर देते हैं। शुक्रवार की रात में अराजक तत्वों ने जाखनदेवी क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी तीन बाइकों, एक-एक स्विफ्ट, ऑल्टो कार में तोड़फोड़ कर दी। दोपहिया वाहनों की हैडलाइटें, इंडीकेटर, बैटरी आदि तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिए। इससे वाहन स्वामियों और नागरिकों में रोष है।
दोपहिया चालक जगदीश, रजनीश तिवारी ने पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी और पूर्व सभासद त्रिलोचन जोशी ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से अराजक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग की है।